मुंबई में दौड़ी 'भारत टैक्सी'
मुंबई, 26 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने ऐप आधारित सहकारी मॉडल पर 'भारत टैक्सी' की शुरूआत की है। यह फैसला मुंबई और पुणे में ओला-उबर को चुनौती देने के लिए किया गया है। पहले चरण में 600 टैक्सियों के साथ लॉन्च हुई इस सेवा में यात्रियों को पहले 1.5 किलोमीटर के लिए मात्र 31 और उसके बाद 21 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों हाल ही में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इस सेवा का शुभारंभ किया गया था। पहले चरण में 600 टैक्सियों को सेवा में शामिल किया गया है। एक ही ऐप पर कार, ऑटो और बाइक टैक्सी की सुविधा उपलब्ध कराने वाली इस पहल का उद्देश्य किफायती किराया, सर्ज प्राइसिंग से राहत और चालक-यात्री दोनों के हितों को सुरक्षित करते हुए शहरी परिवहन का नया विकल्प उपलब्ध कराना है।
आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार अन्य शहरों में भी किया जाएगा। एक ही मोबाइल ऐप के माध्यम से कार, ऑटो रिक्शा और बाइक टैक्सी बुक की जा सकेगी। यह ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। साथ ही इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप मराठी, हिंदी, अंग्रेजी और गुजराती सहित कई भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। राज्य सरकार का मानना है कि 'भारत टैक्सी' यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और किफायती यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ चालक समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

