मंत्रालय में स्थापित होगा ‘भारत फोरकास्ट सिस्टम’
मुंबई, 31 मई (हि.स.)। मुंबई स्थित मंत्रालय के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र में ‘भारत फोरकास्ट सिस्टम’ की स्थापना की जाएगी। इससे माध्यम से सूबे में होने वाली अतिवृष्टि, तूफान और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की जानकारी हर 15 मिनट पर प्राप्त होगी। इससे आपदा प्रबंधन तंत्र को शीघ्र निर्णय लेने और प्रभावी कार्रवाई करने में बड़ी मदद मिलेगी।
इस योजना के तहत राज्य के सभी आपदा प्रबंधन केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए 532 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, पन्हाला और ज्योतिबा पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावनाओं का आकलन करने के लिए निजी संस्थाओं के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा रहा है। महाराष्ट्र में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने के लिए विश्व बैंक राज्य सरकार को 3,200 करोड़ रुपए का कर्ज उपलब्ध कराएगा। इस राशि का उपयोग आपदा संभावित क्षेत्रों के सर्वेक्षण, राज्य के सभी जिला आपदा प्रबंधन केंद्रों के आधुनिकीकरण तथा अन्य संबंधित कार्यों के लिए किया जाएगा।
यह प्रणाली भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और पुणे स्थित भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान से जुड़ी होगी। अभी तक किसी क्षेत्र के लगभग 12 किलोमीटर दायरे का मौसम पूर्वानुमान प्राप्त होता था, लेकिन भारत फोरकास्ट सिस्टम के माध्यम से यह क्षमता बढ़कर 6 किलोमीटर तक की सूक्ष्मता के साथ मौसम का अनुमान लगाने में सक्षम होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

