home page

बेस्ट कर्मियों को छह साल बाद मिला कोविड भत्ता

 | 

मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना मुंबईवासियों की सेवा में जुटे रहे बेस्ट के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को छह साल के लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को कोविड भत्ता मिला। मजदूरों की यूनियनों द्वारा सख्त रूख अपनाने के बाद बेस्ट प्रशासन ने 9,077 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बैंक खातों में कोविड भत्ते की राशि जमा की है।

बेस्ट कामगार सेना सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों ने कोविड भत्ते को लेकर आवाज उठाई थी। अब कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और अन्य बकाया भुगतान को लेकर भी आशा की उम्मीद जगी है। लंबित ग्रेच्युटी, दिवाली बोनस, कोविड भत्ता और अन्य अंतिम भुगतान पाने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। कई बार आंदोलन हो चुके हैं और उन्हें आश्वासन मिलता रहा है। कोरोना महामारी काल में सेवाओं के लिए तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार ने बेस्ट कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन भत्ता घोषित किया था। हालांकि बाद में सत्ता में आई महायुति सरकार ने इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया। इससे कोविड भत्ता सहित अन्य भुगतान अटके हुए थे। इसे लेकर मजदूर संगठनों ने आवाज उठाई, जिसके बाद बेस्ट प्रशासन ने मनपा से निधि प्राप्त करने के प्रयास तेज किए।

बेस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार मुंबई मनपा ने बेस्ट उपक्रम के लिए बजट में निर्धारित 1,000 करोड़ रुपये में से 232 करोड़ रुपये जारी किए है। इनमें से 29 करोड़ 22 लाख 38,717 रुपये की राशि से पात्र 9,077 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कोविड भत्ता दिया गया है। जून से दिसंबर 2020 के बीच कोविड काल में सेवा देने वाले कर्मचारियों को यह भत्ता दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार