बेस्ट कर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
मुंबई, 18 जून (हि.स.)। बेस्ट कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि वेतन, पेंशन, भर्ती और उपक्रम के भविष्य से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान राज्य सरकार, मुंबई मनपा और बेस्ट प्रशासन ने नहीं निकाला तो गुरुवार से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
बेस्ट कर्मियों के श्रमिक संगठनों की प्रमुख मांगों में बेस्ट के सी बजट को मुंबई मनपा के ए बजट में विलय करना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके वैधानिक बकाये का एकमुश्त भुगतान करना, वर्ष 2016-2026 के वेतन समझौते को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप बकाया राशि सहित लागू करना और परिवहन एवं विद्युत विभागों में ठेका प्रणाली समाप्त करना शामिल है। यूनियन ने 5,000 बेस्ट स्वामित्व वाली बसों को शामिल करने, अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती करने, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने तथा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत बेस्ट की संपत्तियों को पट्टे पर देने या हस्तांतरित करने पर रोक लगाने की भी मांग की है। इसके स्थान पर उपक्रम के लिए स्व-विकास मॉडल अपनाने की वकालत की गई है।
इन मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महापौर, उपमहापौर, मनपा आयुक्त, बेस्ट प्रशासन को सौंपे जा चुके हैं। उनका दावा है कि विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं हुईं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। यदि प्रशासन मध्यरात्रि तक कोई निर्णय नहीं लेता है, तो कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और पूर्व कर्मी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

