home page

मुलुंड चेक नाका पर बेस्ट बस की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला की मौत

 | 

मुंबई, 07 अगस्त (हि.स.)। मुलुंड चेक नाका पर शुक्रवार दोपहर में सडक़ पार करते समय बेस्ट बस की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही मुलुंड पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बेस्ट बस आज दोपहर में नेरुल से मुलुंड स्टेशन की ओर जा रही थी। बेस्ट बस मुलुंड चेक नाका के पास ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी। सिग्नल हरा होने के बाद चालक ने बस आगे बढ़ाई, तभी एक महिला सडक़ पार कर रही थी , जो बस की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि महिला बस के अगले दाहिने हिस्से से टकराकर सडक़ पर गिर गई। इसके बाद बस का दाहिना आगे का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान जयश्री भनाजी परमार (56) के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद बस के कंडक्टर ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायल महिला को अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुलुंड पुलिस ने बेस्ट बस के चालक रवि भगवंत भोइसे (33) और कंडक्टर शैलेश सुधाकर वाघ (26) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव