home page

कोलाबा के रिगल जंक्शन का होगा सौंदर्यीकरण

 | 

मुंबई, 27 जुलाई (हि.स.)। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए मुंबई मनपास ने 45 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इस परियोजना के तहत रिगल जंक्शन का आधुनिक तरीके से पुनर्विकास किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में मुंबई का पहला ओपन-एयर कला संग्रहालय भी बनाया जाएगा।

वर्तमान में रिगल क्षेत्र में 27 ट्रैफिक सिग्नल हैं। परियोजना पूरी होने के बाद इनकी संख्या घटाकर नौ कर दी जाएगी। इसके अलावा, रिगल से गेटवे ऑफ इंडिया तक एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे यातायात को अधिक सुचारू और बाधारहित बनाने में मदद मिलेगी। भविष्य में रिगल क्षेत्र में भूमिगत पार्किंग बनाने की भी योजना है। मुंबई मनपा के सड़क विभाग द्वारा निकाले गए टेंडर को जमा करने की अंतिम तारीख 17 अगस्त 2026 है। परियोजना के तहत रिगल जंक्शन का पुनर्विकास, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक आइलैंड और डिवाइडर का नवीनीकरण, बेसाल्ट और ग्रेनाइट कोबलस्टोन बिछाने, विक्रांत स्मारक का पुनर्स्थापन, हेरिटेज शैली के लैंप पोस्ट और कैंटिलीवर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम किया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में मौजूद पेड़ों का पुनर्रोपण किया जाएगा और नए पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाई जाएगी।

भाजपा नगरसेवक मकरंद नार्वेकर ने बताया कि रिगल जंक्शन का विकास काला घोड़ा, गेटवे ऑफ इंडिया और रिगल जंक्शन की एकीकृत पैदल यात्रीकरण योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिगल जंक्शन के पास महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक के कार्यालय के सामने लगभग एक एकड़ क्षेत्र में सार्वजनिक प्लाजा विकसित किया जाएगा। इसी परिसर में मुंबई का पहला ओपन-एयर कला संग्रहालय बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार