पालघर में 1.50 करोड़ का प्रतिबंधित गुटखा जब्त, आठ लोगों पर मामला
| Oct 11, 2026, 16:46 IST
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पालघर जिले में मनोर के पास पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 1.50 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य पदार्थों से भरा आयशर टेम्पो जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर मनोर गेट के सामने वाडा-खड़कोना गांव की सीमा में कार्रवाई की गई। जब्त माल की कीमत 1.30 करोड़ रुपये से अधिक, जबकि वाहन की कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। माल में रजनीगंधा पान मसाला, तुलसी जर्दा, आरएमडी पान मसाला और सुगंधित तंबाकू शामिल हैं। चालक कन्हैयालाल गेहलोत और क्लीनर राहुल देपन वाहन छोड़कर फरार हो गए। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

