पश्चिम रेलवे की बांद्रा टर्मिनस-जयपुर स्पेशल ट्रेन नियमित
मुंबई, 17 अगस्त, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा बांद्रा टर्मिनस और जयपुर के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 09724/09723 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर स्पेशल को नियमित किया गया है। यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 19724/19723 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में परिचालित की जाएगी।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस से 08.35 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 06.45 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन 27 अगस्त, 2026 से नियमित सेवा के रूप में परिचालित होगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 19723 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को जयपुर से 08.20 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 05.10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन 26 अगस्त, 2026 से नियमित सेवा के रूप में परिचालित होगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मन्दसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, मांडल, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर एवं किशनगढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, एसी 3-टियर इकोनॉमी, स्लीपर क्लास तथा जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। नियमित किए जाने के पश्चात ट्रेन संख्या 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस अपने वर्तमान समय की तुलना में 55 मिनट पहले, अर्थात 09.30 बजे के बजाय 08.35 बजे बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान करेगी। ट्रेनों के ठहराव समय तथा कोच संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

