बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में नियमित
मुंबई, 25 मई, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा बांद्रा टर्मिनस और जबलपुर के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 02133/02134 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किया गया है। यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 20163/20164 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर- बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिचालित की जाएगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 30 मई, 2026 से बांद्रा टर्मिनस से प्रारंभ होगी, जबकि ट्रेन संख्या 20164 जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 29 मई, 2026 से जबलपुर से प्रारंभ होगी।
ट्रेन संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को बांद्रा टर्मिनस से 16:30 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 15:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 20164 जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को जबलपुर से 17:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 14:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, भोपाल, नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया तथा नरसिंहपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, शयनयान तथा द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे होंगे।
ट्रेन संख्या 02133/02134 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल में आरक्षण कराने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि संशोधित ट्रेन संख्याओं को ध्याबन में रखें, क्योंकि यह ट्रेन उपर्युक्त तिथियों से ट्रेन संख्या 20163/20164 के रूप में संचालित की जाएगी। ट्रेन के समय, ठहराव एवं रेक संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

