पश्चिम रेलवे की बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर स्पेशल ट्रेन नियमित
मुंबई, 19 अगस्त, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा बांद्रा टर्मिनस और बीकानेर के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मौजूदा ट्रेन संख्या 04712/04711 बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर स्पेशल को नियमित किया गया है। यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 14712/14711 बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में परिचालित होगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 14712 बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस से 19.25 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 23.55 बजे बीकानेर पहुंचेगी। यह ट्रेन 27 अगस्त, 2026 से नियमित सेवा के रूप में परिचालित होगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 14711 बीकानेर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को बीकानेर से 13.30 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 15.50 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन 26 अगस्त, 2026 से नियमित सेवा के रूप में परिचालित होगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, नागदा, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, रींगस, सीकर, लछमनगढ़ सीकर, फतेहपुर शेखावाटी, चूरू, रतनगढ़, राजलदेसर और श्री डूंगरगढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास तथा जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। ट्रेनों के समय, ठहराव एवं रेक संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

