बागेश्वर बाबा पर लगाओ बैन: रोहित पवार
मुंबई, 25 अप्रैल (हि.स.)। बागेश्वर धाम के मुखिया बाबा धीरेंद्र शास्त्री के शिवाजी महाराज पर दिए गए बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। एनसीपी (एपी) के विधायक रोहित पवार ने बाबा बागेश्वर के बयान की कड़ी निंदा की है और महाराष्ट्र में उनके कार्यक्रमों पर बैन लगाने की मांग की है। उन्होंने इस बयान को अपमानजनक बताया कि जिसमें उन्होंने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज थक गए थे और उन्होंने समर्थ रामदास स्वामी को गद्दी सौंपने की पेशकश की थी।
रोहित पवार ने कहा कि बागेश्वर बाबा ने पहले भी संत परंपरा के बारे में आपत्तिजनक बयान दिए हैं। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करके महापुरुषों की अहमियत को कम करने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान कुछ सत्ताधारियों की उपस्थिति अफसोसनाक थी। एनसीपी (एपी) के विधायक अमोल मिटकरी ने भी शास्त्री की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह चिंता की बात है, बाहर से लोग महाराष्ट्र में आकर छत्रपति के बारे में इस तरह की बात करते हैं। यह बताना इतिहास का अपमान है कि शिवाजी महाराज का बनाया स्वराज्य किसी को सौंप दिया गया। मिटकरी ने संत तुकाराम के अभंग की लाइनें का उदाहरण दिया।
दरअसल बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने एक कार्यक्रम में दावा किया था कि “छत्रपति शिवाजी महाराज लड़ते-लड़ते थक गए थे। वह समर्थ रामदास स्वामी के पास गए और ताज उतारकर उनसे राज्य चलाने का अनुरोध किया था। उनके इस बयान से विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर लोगों की कड़ी प्रतिक्रियाएं आई हैं। कई लोगों ने गुस्सा जताया है। सरकार से बागेश्वर बाबा के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

