home page

वॉकी-टॉकी से एटीएम में फंसाया कार्ड, महिला से 90 हजार की ठगी

 | 

मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)।

एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर महिला को गुमराह कर उसके डेबिट कार्ड और पिन की जानकारी हासिल करने वाले आरोपी को पालघर की बोईसर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एटीएम कक्ष में छिपाकर रखे वॉकी-टॉकी के जरिए महिला से बातचीत की और खुद को एटीएम की निगरानी करने वाला कर्मचारी बताकर उससे पिन संबंधी प्रक्रिया करवाई। इसके बाद कार्ड निकालकर महिला के खाते से 90 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी के पास से 60 हजार रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वॉकी-टॉकी सेट और वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को पालघर निवासी 37 वर्षीय महिला अपने दामाद के साथ बोईसर के शिवाजी नगर स्थित एसबीआई एटीएम में गई थी। महिला ने यस बैंक के डेबिट कार्ड से 7 हजार रुपए निकाले। इसके बाद कार्ड एटीएम मशीन में फंस गया। वह कार्ड निकालने का प्रयास कर रही थी, तभी एटीएम कक्ष में छिपाकर रखे वॉकी-टॉकी से आवाज आई। आरोपी ने महिला से कहा कि वह उसे एटीएम के कैमरे से देख रहा है और कार्ड को खींचने का प्रयास न करे।

आरोपी ने वॉकी-टॉकी के जरिए महिला को तीन बार पिन डालकर कैंसल और एंटर दबाने के लिए कहा। महिला के ऐसा करने के बाद भी कार्ड बाहर नहीं निकला। इसके बाद आरोपी ने उससे मोबाइल नंबर लिखकर एटीएम में छोड़ने को कहा और भरोसा दिलाया कि अगले दिन मशीन ऑपरेटर आने पर कार्ड निकालकर उसे फोन कर वापस कर देगा।

महिला के वहां से जाने के बाद आरोपी ने एटीएम मशीन से कार्ड निकाल लिया और पिन हासिल कर उसके यस बैंक खाते से कुल 90 हजार रुपए निकाल लिए। शिकायत के आधार पर बोईसर पुलिस थाने में 14 सितंबर को मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे 18 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जितेंद्र रामदेव पाल (26), निवासी कलवा पश्चिम, ठाणे के रूप में हुई है।

जांच में आरोपी द्वारा वारदात के दौरान वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल कर महिला को गुमराह करने की बात सामने आई है। पुलिस ने ठगी की रकम में से 60 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। साथ ही दो वॉकी-टॉकी सेट और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह