home page

महाराष्ट्र में वित्तीय धोखाधड़ी करने वालों की संपत्ति होगी जब्त, स्वतंत्र एपीआईडी ट्रिब्यूनल को मिली मंजूरी

 | 

मुंबई, 25 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने फाइनेंशियल धोखाधड़ी करने वालों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने का फैसला किया है। इसके लिए स्वतंत्र एपीआईडी ट्रिब्यूनल स्थापित करने के प्रस्ताव को बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई। इसके लिए 90 दिनों के अंदर मामले को निपटाने की टाइम लिमिट तय की गई है।

महाराष्ट्र डिपॉजिटर्स (फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशन्स) प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट एक्ट में बदलाव करने को मंज़ूरी दी गई है, ताकि विभागीय स्तर पर एक अलग एमपीआईडी ट्रिब्यूनल बनाया जा सके। महाराष्ट्र डिपॉजिटर्स इंटरेस्ट प्रोटेक्शन एक्ट, 1999 उन संस्थाओं और लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बनाया गया है जो डिपॉजिट राशि पर बहुत अधिक रिटर्न का लालच देकर जमाकर्ताओं को धोखा देते हैं। इसके लिए जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई है। वित्तीय जालसाजी को रोकने के लिए संबंधित संस्था की संपत्ति जब्त की जाती है। इस जब्ती को एक स्पेशल कोर्ट फाइनल करता है। उसके बाद, इन संपत्ति की बिक्री से मिलने वाले पैसे से ठगे गए जमाकर्ताओं की रकम वापस कर दी जाती है।

जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अब स्पेशल कोर्ट की जगह विभागीय स्तर पर स्वतंत्र एमपीआईडी ट्रिब्यूनल बनाने का प्रावधान किया जाएगा। इस तरह के मामले दर्ज होने की तारीख से 90 दिनों के अंदर निपटारे के लिए एक समय सीमा तय की जाएगी। इन प्रावधानों में बदलाव के लिए विधानसभा में एक संशोधन बिल विधेयक पेश करने की मंजूरी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार