home page

संजय राऊत ने विधान सभा अध्यक्ष नार्वेकर पर लगाए जमीन हड़पने के आरोप

 | 

मुंबई, 23 नवंबंर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर आदिवासियों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में संजय राऊत ने आरोप लगाया है कि अलीबाग तहसील के म्हात्रोली गांव में गरीब आदिवासियों की जमीन पर नार्वेकर ने कब्जा किया हुआ है। मामले की निष्पक्ष जांच कर आदिवासी परिवारों को इंसाफ मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि यदि विधानसभा अध्यक्ष के पद का गलत इस्तेमाल हो रहा है तो नार्वेकर को तुरंत उनके पद से हटाया जाए। उन्होंने लिखा है कि अलीबाग तहसील के म्हात्रोली गांव में कातकरी आदिवासी वाड़ी में पीढ़ियों से रह रहे करीब 20 परिवारों के घर साल 2024 में तोड़ दिए गए। गट क्रमांक 148/1 में 15 एकड़ जमीन राहुल नार्वेकर की पत्नी सरोजिनी के नाम पर फरवरी 2024 में खरीदी गई थी।

राऊत के अनुसार जमीन पर आदिवासियों के घरों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया और परिवारों को हटा दिया गया। राऊत ने आरोप लगाया है कि घर का सामान और बोरवेल भी तोड़ दिए गए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने भी आदिवासियों की शिकायतों को नजरअंदाज किया है। राऊत ने चार मुख्य मांगें रखी हैं। उन्होंने मामले की स्वतंत्र जांच, संबंधित लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार रोकथाम एक्ट के तहत मामला दर्ज करने, विस्थापितों का उनके मूल स्थानों पर पुनर्वास या उचित मुआवजा देना और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों की जांच की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार