home page

उद्धव के राम रक्षा आंदोलन पर भड़के आशीष शेलार

 | 

मुंबई, 18 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के नागपुर में हुए शिवसेना (यूबीटी) के राम रक्षा आदोलन को लेकर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने उद्धव ठाकरे की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस की गोद में बैठे हैं और भगवान राम को नकार दिया है।

शेलार ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में दान चोरी को लेकर गिरफ्तारियां हुई हैं। कुछ लोगों ने इस्तीफ़ा भी दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसी का साथ नहीं दिया है। हमें यह समझने की जरूरत है कि इसमें पॉलिटिक्स है या नहीं। ठाकरे सेना जो आंदोलन कर रही है, उसके बारे में बात करने से पहले हमें हिंदू समुदाय से माफी मांगनी होगी। आप कांग्रेस पार्टी की गोद में बैठे हैं, जिसने भगवान राम के होने को नकार दिया। यह आंदोलन एक दिखावा है। मेरा मानना है कि इस आंदोलन के पीछे कोई साजिश है। क्या उद्धव जी उन लोगों को खुश करने के लिए विरोध कर रहे हैं? सच तो यह है कि महाविकास आघाड़ी साथ नहीं है। कांग्रेस राम रक्षा आंदोलन में हिस्सा नहीं ले रही है। राऊत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आमंत्रित करते हैं लेकिन कांग्रेस नेता नाना पटोले को नहीं बुलाते।

शेलार ने कहा कि ठाकरे सेना और मनसे के साथ आने का मामला उनका व्यक्तिगत मामला है। चूंकि विषय भगवान राम से जुड़ा है। हमने देखा है कि कैसे प्रभु राम चंद्र ने अपने भाई को सत्ता दी और उद्धव ने राज ठाकरे को परेशान किया है। शेलार ने सोनम वांगचुक के आंदोलन के बारे में कहा कि संजय राऊत बचकाना हरकतें कर रहे हैं। हाई कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस ने काम किया है। राऊत इसे तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। सभी को आंदोलन करने का हक है। अगर आंदोलन करने वालों की मांगों की बात करें तो पुलिस ने नीट परीक्षा को लेकर हुई गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सरकार ने इसमें किसी का साथ नहीं दिया है। दोनों एनसीपी के विलय पर शेलार ने कहा कि दोनों दलों को आपस में बात करने निर्णय लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार