home page

नेहरू सेंटर में आर्ट एग्जिबिशन, बना आकर्षण का केंद्र

 | 

मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका की ओर से वर्ली स्थित नेहरू सेंटर के आर्ट गैलरी में आर्ट एग्जिबिशन का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी 6 अप्रैल तक चलेगी। इसमें 35 चित्रकारों की कुल 70 चुनिंदा पेंटिंग्स को शामिल किया गया है।

एग्ज़िबिशन का उद्घाटन बुधवार को मनपा के शिक्षा कमिटी की चेयरपर्सन राजेश्री शिरवाडकर ने किया। इस अवसर पर मनपा के अन्य अधिकारी मौजूद थे। यह एग्ज़िबिशन 1 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक सभी के लिए खुली रहेगी। महागणपति मंदिर पर पड़ती सुबह की हल्की धूप, कृष्णा नदी के धुंध में खोए किनारे, पंचगनी पहाड़ों की रेंज में शाम के नजारे, पुराने मंदिरों के आसपास की शांति और दूर-दूर तक फैले मनमोहक दृश्य आदि की पेंटिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मनपा के शिक्षा विभाग की कला एकेडमी के आर्टिस्ट कैंप ने इन्हें एग्जिबिशन के लिए चुना है।

शिरवाडकर ने कहा कि मनपा के आर्ट शिक्षकों ने प्रकृति को रंगों के रूप में जिंदा कर दिया है। आर्टिस्ट कैंप के ज़रिए हर पेंटर ने अपनी कल्पना से वाई, पंचगनी के कई इलाकों और मंदिरों को बनाकर एक अलग दुनिया बनाई है। यह एक बहुत ही मजेदार पहल है। इससे शिक्षकों की कलात्मक प्रतिभा को स्कोप मिलता है। कला अकादमी के प्रिंसिपल दिनकर पवार ने आर्टिस्ट कैंप का कॉन्सेप्ट समझाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार