home page

सिद्धिविनायक मंदिर के विस्तार के लिए 94.11 करोड़ की मंजूरी

 | 

मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के प्रभादेवी स्थित सिद्धीविनायक मंदिर के विस्तार के लिए अहम फैसला लिया है। इसके लिए मंदिर से सटे राम मेंशन कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में 20 जगहें खरीदने की अनुमति दी गई है। इस लेनदेन के लिए 94 करोड़ 11 लाख 65 हजार 550 रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा स्टाम्प ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन फीस और दूसरे ज़रूरी खर्चे भी मंदिर ट्रस्ट के फंड से पूरे किए जाएंगे। इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

देश और विदेश के अलग-अलग हिस्सों से हज़ारों भक्त हर दिन सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। खासकर त्योहारों, और धार्मिक दिनों में मंदिर क्षेत्र में बहुत भीड़ होती है। कम जगह होने की वजह से भक्तों की कतारों की प्लानिंग और ज़रूरी सुविधाएं देने में मुश्किलें आती हैं। अब मंदिर के पास की जमीन खरीदने के बाद यह समस्या कम हो जाएगी। नई साइट पर भक्तों के लिए वेटिंग रूम, किचन, स्टोरेज रूम, यात्री निवास और सीमित पार्किंग बनाने की योजना है। व्यस्त समय, मंडप बनाने, दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की लाइनों की सही प्लानिंग करने और प्रबंधन का खर्च कम करने के मकसद से साइट का विस्तार भी किया जाएगा।

इस लेनदेऩ के लिए राज्य सरकार के खजाने से कोई फंड खर्च नहीं किया जाएगा। सरकारी फैसले में साफ किया गया है कि प्रॉपर्टी खरीदने का पूरा खर्च सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के पास मौजूद फंड से किया जाएगा। खरीद प्रक्रिया पूरा करने से पहले, सरकारी लैंड रिकॉर्ड्स डिपार्टमेंट के जरिए ज़मीन की पैमाइश, प्रॉपर्टी के मालिकाना हक की कानूनी जांच और आवश्यक दस्तावेज पूरा करना करना जरूरी कर दिया गया है। संबंधित साइटों का फिजिकल कब्जा मिलने के बाद ही बेचने वालों को खरीद की रकम दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार