मीरा-भायंदर से वसई-विरार तक 17,725 करोड़ के ‘मेट्रो 13’ परियोजना को मंजूरी
मुंबई, 03 सितंबर (हि.स.)। मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्या का समाधान निकालने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने मीरा-भायंदर से वसई-विरार तक की ‘मुंबई मेट्रो रूट-13’ परियोजना को मंजूरी दी है। करीब 17,725 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के संबंध में जीआर जारी कर दिया गया है।
इस मेट्रो रूट पर कुल 16 स्टेशन होंगे, जिसमें 13 एलिवेटेड और 3 अंडरग्राउंड स्टेशनों का समावेश होगा। सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम (भायंदर) व नायगांव के बीच 4.92 किमी का सिक्स-लेन रोड और मेट्रो कंबाइंड ब्रिज बनाया जाएगा। यह पंजू आइलैंड को सीधे कनेक्टिविटी देगा। विरार के चिखल डोंगरा में 11.625 हेक्टेयर साइट पर एक मेट्रो डिपो का प्रस्ताव है। इस परियोजना को साल 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से लागू की जा रहे इस प्रोजेक्ट के लिए 13,293.74 करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय कर्ज लिया जाएगा। राज्य सरकार 2,810.36 करोड़ रुपये का बिना ब्याज वाला सेकेंडरी लोन देगी। सरकार ने इसे ‘महत्वपूर्ण शहरी ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट’ घोषित किया है। इससे पश्चिम रेलवे पर भीड़ का दबाव कम होगा। ठाणे-पालघर जिले के लोगों की प्रतिदिन की यात्रा आसान और तेज हो जाएगी। इस परियोजना की कुल लंबाई 25.03 किमी होगी. इसमें 21.78 किमी एलिवेटेड और 3.25 किमी अंडरग्राउंड होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

