शरद पवार की पार्टी के सभी प्रवक्ताओं की नियुक्तियां रद्द
मुंबई, 04 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। पार्टी के सभी प्रवक्ताओं की नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। पार्टी का अधिकृत बयान रखने के लिए केवल चुनिंदा लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पिछले कई दिनों से सियासत में दोनों एनसीपी के विलय और एनडीए में शामिल होनी की चर्चा है। लेकिन शरद पवार की पार्टी की कार्याध्यक्ष व सांसद सुप्रिया सुले और विधायक रोहित पवार सहित वरिष्ठ नेताओं ने इसे खारिज कर दिया है। उन्होंने दोनों पार्टियों के विलय से भी इनकार किया है। उनका कहना है कि शरद पवार की पार्टी एनडीए में शामिल नहीं होगी। हाल ही में पार्टी ने युवा इकाई में बड़ा फेरबदल किया था। अब प्रवक्ताओं की नियुक्तियां भी रद्द कर दी गई हैं। इससे राज्य की राजनीति में नई चर्चा छिड़ गई है। पार्टी ने प्रवक्ताओं की नियुक्तियां रद्द करने की कोई ठोस वजह नहीं बताई है। सवाल उठाए जा रहे है कि क्या आगे भी संगठन में फेरबदल होगा।
पार्टी की ओर से मंगलवार को एक अधिकृत बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि अगले आदेश तक केवल पूर्व विधायक विद्या चव्हाण और महेश तपासे ही मीडिया के सामने पार्टी की बात रखेंगे। पत्र पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे के हस्ताक्षर हैं। यह पत्र सार्वजनिक कर साफ किया गया है कि मंगलवार से पहले की गई प्रवक्ताओं की सभी नियुक्तियां रद्द कर दी गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

