home page

पुणे म्हाडा के घरों के लिए आवेदन एक लाख के पार

 | 

मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। म्हाडा के पुणे मंडल की 4,462 घरों की लॉटरी को लोगों की अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। घरों के लिए आवेदन भरने के लिए अब केवल नौ दिन शेष बचे हैं। अभी तक आवेदन करने वालों का आकंड़ा एक लाख के पार पहुंच गया है। इनमें से 64 हजार आवेदकों ने अनामत राशि के साथ फार्म जमा किया है।

म्हाडा से मिली जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर तक कुल 1.10 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 64 हजार आवेदन अनामत राशि के साथ जमा किए गए हैं. लॉटरी में वही आवेदक शामिल होंगे, जिन्होंने अनामत राशि जमा की है। पात्र आवेदकों की अंतिम सूची 12 नवंबर को जारी होने के बाद लॉटरी में शामिल होने वाले आवेदकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी।

पुणे मंडल को 15 प्रतिशत एकीकृत योजना के तहत 1,491 घर, जबकि 20 प्रतिशत समावेशी योजना के तहत 2,971 घर उपलब्ध हुए हैं। कुल 4,462 घरों के लिए मंडल ने अगस्त में विज्ञापन जारी कर 14 अगस्त से पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। तकनीकी दिक्कतों और गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों के अपने गांव जाने के कारण आवेदन प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाई गई थी। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 15 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 15 अक्टूबर कर दिया गया। समय-सीमा बढ़ाए जाने के कारण 13 अक्टूबर को होने वाली लॉटरी अब 25 नवंबर को निकाली जाएगी।

म्हाडा से 20 प्रतिशत योजना वापस लिए जाने के बाद भविष्य में इस योजना की प्रक्रिया संबंधित नगर निकायों द्वारा संचालित की जाएगी। इस वजह से यह म्हाडा की 20 प्रतिशत योजना के तहत किफायती घरों की अंतिम लॉटरी मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार