पवई में फिर बेकाबू हुई बेस्ट की बस. छह यात्री घायल
मुंबई, 23 जुलाई (हि.स.)। पवई इलाके में फिर बेस्ट की बस के दुर्घटना का मामला सामने आया है। गुरुवार को विक्रोली से बांद्रा जा रही बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में छह यात्री घायल हो गए। पिछले ढाई महीनों में 24 हादसे बेस्ट बसों से हो चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस के चालक का ध्यान बाईं ओर से गुजर रही कार की ओर भटक गया और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। इस हादसे में छह यात्री घायल हो गए। समय रहते बस रुक जाने से बड़ा अनर्थ टल गया। घायलों को मामूली चोटें आई हैं। बेस्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ट्रैफिक) द्वारा जारी दुर्घटना रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा पवई विहार संकुल के पास ऊपरी मार्ग पर हुआ। दुर्घटना के समय बस क्रमांक 8688 विक्रोली डिपो से रूट ए-422/36 पर बांद्रा पश्चिम स्थित बस स्टेशन की ओर जा रही थी। चालक के बयान के अनुसार बस चलाते समय उसकी नजर बाईं ओर से आ रही एक कार पर चली गई। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से हट गया और बस दाईं ओर मुड़ते हुए सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार छह यात्री घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद वेट लीज डिपो प्रबंधक किशोर शिंदे के निर्देश पर बस कंडक्टर ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए साकिनाका स्थित पैरामाउंट अस्पताल पहुंचाया। बेस्ट अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार सभी छह घायलों का ओपीडी आधार पर उपचार किया गया और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद बेस्ट अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

