home page

युवाओं की ताकत के आगे केंद्र को झुकना पड़ा: अमित ठाकरे

 | 

मुंबई, 29 अगस्त, (हि. स.)। नीट पेपर लीक और युवाओं के साथ कथित अन्याय को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। शनिवार को विरार के न्यू विवा कॉलेज में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण 21 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की और दिल्ली में आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज हुआ, लेकिन सरकार ने इस गंभीर मामले में संवेदनशील और उचित भूमिका नहीं निभाई। अमित ठाकरे ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब युवाओं की असली ताकत सामने आई और केंद्र से इस्तीफे होने लगे, तभी सरकार को युवा पीढ़ी के कार्यक्रम आयोजित करने की याद आई। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज जैसी गंभीर घटना के बावजूद राज्य सरकार ने केंद्र से अब तक कोई जवाब नहीं मांगा है। ठाकरे ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बेहद जागरूक है। पिछले दो से ढाई महीनों में हुई घटनाओं से उन्हें भी युवाओं से प्रेरणा और सीख मिली है। इसलिए युवाओं को अलग से सलाह देने की जरूरत नहीं है, वे जो कर रहे हैं वह सही दिशा में है। कार्यक्रम से पहले ठाकरे ने न्यू विवा कॉलेज परिसर में मनसे विद्यार्थी सेना स्टैंड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने वसई-विरार मनपा के महापौर अजीव पाटील और पूर्व विधायक क्षितीज ठाकुर से सदिच्छा भेंट की। ठाकरे के पहुंचते ही विद्यार्थियों में भारी उत्साह दिखा और बड़ी संख्या में छात्रों ने उनके साथ सेल्फी व फोटो खिंचवाए।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार