लेक लाडकी योजना में संशोधन, ऑनलाइन हुई प्रक्रिया
मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने लेक लाडकी योजना के नियमों में बदलाव किया है। दस्तावेजों की जटिलता से राहत दी गई है। योजना के फायदे के लिए अब सीधे महाडीबीटी 2.0 पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जमा किए जा सकते हैं। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
आवेदन से लेकर पंजीयन तक के मौजूदा स्टेटस को चेक करने की सभी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। पहले योजना के लिए आवेदक को आंगनवाड़ी सेंटर में जाकर आवेदन जमा करना पड़ता था। उसके बाद परियोजना स्तर पर आवेदन इकट्ठा करके उस समय के पोर्टल पर पंजीकृत किया जाता था। इसके बाद आवेदक की जांच की जाती थी और अप्रूवल प्रक्रिया पूरी की जाती थी। अब एक नया गवर्नमेंट प्रोसेस रीऑर्गेनाइजेशन (जीपीआर) तैयार किया गया है। इसके तहत आवेदक को खुद ऑनलाइन फार्म जमा करने की सुविधा दी गई है। आवेदन प्रकिया को सरल बना दिया गया है। साथ ही जमा किए जाने वाले दस्तावेजों की संख्या भी कम कर दी गई है। वर्तमान में इस योजना के लाभार्थियो की संख्या 2,98,695 है। यह जानकरी महिला व बाल कल्याण मंत्री अदिति तटकरे ने दी है।
इस नए सिस्टम से लाभार्थियों को आवेदन जमा करने में होने वाली मुश्किलें खत्म हो जाएंगी। खासकर उन इलाकों में जहां आंगनवाड़ी सेंटर काम नहीं कर रहे हैं। राज्य के किसी भी इलाके के रहने वाले अब इस योजना के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे। इसके अलावा, आवेदक को उनके द्वारा जमा किए गए फार्म का मौजूदा स्टेटस ऑनलाइन चेक करने की सुविधा भी दी गई है। पहले लेक लाडकी स्कीम के तहत बेनिफिट अमाउंट डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के तहत लाभार्थियों के अकाउंट में जमा करने का फैसला किया गया था। अब जब आवेदक प्रोसेस भी ऑनलाइन कर दिया गया है, तो स्कीम को लागू करने का एक अहम चरण पूरा हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

