home page

शाहरुख, अजय और टाइगर पर एफडीए के फैसले पर टिकी निगाहें

 | 

मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पान मसाला के कथित सरोगेट विज्ञापन मामले में अभिनेता शाहरुख खान, टाइगर श्रॉफ और अजय देवगन की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। हालांकि महाराष्ट्र खाद्य व औषधि प्रशासन (एफडीए) के नोटिस का जवाब उन्होंने दे दिया है। एफडीए की ओर से इस मामले में अब आगे की कानूनी और विभागीय प्रक्रिया जारी है।

महाराष्ट्र एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंढे के अनुसार तीनों अभिनेताओं में से दो ने मामले में व्यक्तिगत सुनवाई की मांग की थी। इन दोनों की सुनवाई भी पूरी हो चुकी है। हालांकि, एफडीए ने अभी यह साफ नहीं किया है कि तीनों में से किन दो अभिनेताओं की सुनवाई हुई है। अब एफडीए के फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। फिलहाल तीनों अभिनेताओं की ओर से नोटिस का जवाब दिए जाने और दो की सुनवाई पूरी होने की जानकारी सामने आई है। अंतिम फैसला अभी नहीं आया है। जांच और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

एफडीए ने कुछ चर्चित फिल्म कलाकारों को ऐसे विज्ञापनों को लेकर नोटिस भेजे थे, जिनमें तंबाकू या निकोटीन से जुड़े उत्पादों के अप्रत्यक्ष प्रचार का सवाल उठाया गया था। इसे सरोगेट विज्ञापन कहा जाता है, जिसमें किसी ऐसे ब्रांड या नाम का प्रचार दूसरे उत्पाद के जरिए किया जाता है। तंबाकू और उससे जुड़े उत्पादों के विज्ञापन और प्रचार पर कानून के तहत कई तरह की रोक है। एफडीए की जांच का मकसद यह पता लगाना है कि संबंधित विज्ञापनों में इन नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार