home page

मंगलवार को बंद रहेंगे बीएमसी के सभी पार्क

 | 

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से मुंबई में पेड़ व उनकी टहनियां गिरने की कई घटनाएं हुई हैं। महानगर में कुल 400 पेड़ और 600 टहनियां गिरने की सूचना है। पेड़ो और टहनियों के गिरने की घटनाओं को देखते हुए बीएमसी ने मंगलवार 7 जुलाई को सभी उद्यान व पार्क बंद रखने का निर्णय लिया है।

मुंबई मनपा के उद्यान विभाग ने संबंधित डिवीजन ऑफिस, डिजास्टर मैनेजमेंट सेल, मुंबई फायर ब्रिगेड व दूसरी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर, पेड़ों और टहनियों को हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया। उन जगहों को प्राथमिकता दी गई जहां ट्रैफ़िक में रुकावट थी या जहां नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा था।

मनपा की टीमें जरूरी मशीनरी और मैनपावर की मदद से दिन-रात काम कर रही हैं। जनता से सहयोग की अपील की गई है। मौसम विभाग ने बाऱिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों की सुरक्षा के लिए मनपा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी पार्कों को मंगलवार 7 जुलाई को पूरे दिन बंद रखने का फ़ैसला किया गया है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियों के टूटने, पेड़ गिरने या दूसरे हादसों की संभावना को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया है। लोगों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पार्कों में जाने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार