अजित विमान हादसा, निर्धारित हो सीबीआई के लिए जांच की समय सीमाः रोहित पवार
मुंबई, 23 फरवरी (हि.स.। बजट सत्र के पहले दिन एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के प्लेन क्रैश की जांच पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विमान हादसे से संबंधित सबूत व एक पत्र मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को देंगे। दो दिनों में जांच रिपोर्ट आने की बात कही जा रही है, यदि जांच के नाम पर खानापूर्ति की गई तो ठीक नहीं होगा। उन्होंने मांग की है कि सीबीआई के लिए जांच की समय सीमा निर्धारित की जानी चाहिए।
रोहित पवार ने सदन में शोक प्रस्ताव पेश होने से पहले मीडिया से बात करते हुए विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं पायलट की मिली भगत है। मैंने सारे सबूत प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री को सबूतों के साथ पत्र दिया गया है। उन्होंने इस बात पर शक जताया कि क्या जांच एजेंसियां ठीक से सबूत इकट्ठा कर रही हैं।
वीएसआर कंपनी का जिक्र करते हुए रोहित ने कहा कि कई नियमों का उल्लंघन किया गया है। मैं मुख्यमंत्री को पत्र देकर दुर्घटना की पूरी जांच और जल्द डिटेल्ड रिपोर्ट जारी करने की मांग करूंगा। हमें ब्लैक बॉक्स की फोटो मिल गई है। सीआईडी ने एक महीने में असल में क्या किया, क्या उसने सीसीटीवी फुटेज ज़ब्त किया। सीबीआई के लिए जांच की समय सीमा निर्धारित किया जाना चाहिए। क्योंकि सीबीआई के पास हजारों मामले लंबित पड़े हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

