home page

अजित पवार विमान हादसा नहीं साजिशः वडेट्टीवार

 | 

मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि शत-प्रतिशत साजिश नजर आ रही है।

विमान दुर्घटना की शनिवार को प्राथमिक जांच रिपोर्ट आने के बाद वडेट्टीवार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि रिपोर्ट के अनुसार विमान पहले एक पेड़ से टकराकर क्रैश हुआ। अगर ऐसे दावे किए जा रहे हैं, तो यह साफ है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि 100 प्रतिशत साजिश लगती है। अजित पवार विमान हादसे को लेकर शक जाहिर किए जा रहे हैं. एनसीपी (एसपी) विधाक रोहित पवार इस मामले को लेकर पहले से सवाल खड़े कर रहे हैं। अब प्राथमिक रिपोर्ट आने के बाद अन्य नेता भी सवाल उठाने लगे हैं।

प्लेन क्रैश के एक महीने बाद इस हादसे की प्राथमिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। इसमें इस बात की जानकारी दी गई है कि अजित पवार का प्लेन कैसे क्रैश हुआ। इस 22 पेज की रिपोर्ट से चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है। रिपोर्ट में साफ़-साफ़ कहा गया है कि प्लेन ज़मीन से टकराने से पहले एक पेड़ से टकराया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार