home page

संजय राऊत ने अजित पवार विमान हादसे को लेकर अमित शाह और फडणवीस पर लगाए गंभीर आरोप

 | 

मुंबई, 17 नवंबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्य सभा सांसद संजय राऊत ने अजित पवार की विमान दुर्घटना और मृत्यु के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर मंगलवार को गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा इस मामले की जांच की फाइलें दबायी जा रही हैं और एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही।

राऊत ने कहा कि सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अजित पवार को महायुति गठबंधन में जबरन और गिरफ्तारी की धमकियां देकर लाया गया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अमित शाह ने पवार के जीवित रहते हुए उन पर दबाव बनाने के लिए ईडी का इस्तेमाल किया था या नहीं और इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच क्यों नहीं कराई गई।

उन्होंने कहा कि पुणे में अजित पवार की मूर्ति के अनावरण के बाद मंच से शाह ने पवार के संबंध जो भावुक भाषण दिया था वह ढोंग और गलत था।

उन्होंने कहा पवार के खिलाफ इन लोगों ने मिलकर 70 हजार करोड़ रुपये का सिंचाई घोटाले का आरोप लगाया था जिसके लिए शाह को पवार की मूर्ति का अनावरण करने से पहले माफी मांगनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि तुम्हारी पार्टी में कोई खुशी से शामिल नहीं होता। पवार पर भी

ईडी, सीबीआई, आयकर

विभाग का डर दिखाकर

पार्टी में शामिल किया था।

उन्होंने यह भी कहा कि रोहित पवार ने अजित पवार के विमान दुर्घटना के संबंध में जांच की मांग कर सही काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी