एआई डेटा सेंटर के विरोध में आदित्य ने लिखा सीएम फडणवीस को पत्र
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर ठाणे के घने आबादी वाले और रिहायशी इलाके से एआई डेटा सेंटर हटाने की मांग की है।
आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है कि ठाणे के रिहायशी क्षेत्र में प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर को वहां से हटाया जाए। उन्होंने इस परियोजना को एमआईडीसी के 'रेड ज़ोन' में स्थानांतरित करने की भी मांग की है। उन्होंने लिखा है कि ठाणे शहर के बीच वाले इलाके में डेटा सेंटर बनाना सही नहीं है। 22 मंजिला डेटा सेंटर का पहला और दूसरा चरण 53 एकड़ ज़मीन पर बनाया जाएगा। इस परियोजना से आवाज प्रदूषण, गर्मी, पानी की खपत और पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ने की संभावना है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने ठाणे शहर में डेटा सेंटर और इनर सर्कुलर मेट्रो प्रोजेक्ट का विरोध करना शुरू कर दिया है। आदित्य ने बालकुम में प्रस्तावित डेटा सेंटर साइट के पास नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि डेटा सेंटर को ठंडा करने के लिए बड़ी मात्रा में पानी का इस्तेमाल किया जाएगा और जनरेटर के लिए लगभग पांच लाख लीटर डीजल स्टोर किया जाएगा।
आदित्य ने सवाल उठाया है कि अगर 24 घंटे 90 डेसिबल तक आवाज प्रदूषण होगा तो इस इलाके के नागरिक कैसे रहेंगे। क्योंकि इस डेटा सेंटर का डेटा ज्यादातर दूसरे देशों में इस्तेमाल होगा, इसलिए यह प्रोजेक्ट देश के लिए फ़ायदेमंद नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इस डेटा सेंटर प्रोजेक्ट को एमआईडीसी के 'रेड ज़ोन' में ले जाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर हमारी सरकार सत्ता में आई, तो हम इस प्रोजेक्ट को यहां से हटा देंगे।
आदित्य ठाकरे ने ठाणे शहर में प्रस्तावित इनर सर्कुलर मेट्रो प्रोजेक्ट के बारे में कहा कि ठाणे को पेड़ों का शहर कहा जाता है। इस परियोजना के लिए शहर में लगभग 3,500 पेड़ काटने की तैयारी चल रही है। शहर में विकास के नाम पर कंक्रीटिंग बढ़ाई जा रही है। जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने यह स्टैंड लिया था कि डेवलपमेंट सस्टेनेबल होना चाहिए। वर्तमान में इकॉनमी को कॉन्ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन प्रोफेशनल चला रहे हैं। हम ठाणे के लिए उठाई गई इस आवाज को चुप नहीं होने देंगे। इस परियोजना को यहां से हटा देना चाहिए।
इस मुद्दे पर ठाकरे सेना के सांसद संजय राऊत ने भी मुख्यमंत्री फडणवीस को पत्र लिखा था और ठाणे की 54 एकड़ जमीन पर बिना स्थानीय लोगों की सलाह के अमेजन एआई डेटा सेंटर परियोजना थोपे जाने का कड़ा विरोध किया था। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि इस तरह के बड़े डेटा सेंटर से रिहायशी इलाकों में जनस्वास्थ्य, सुरक्षा, पानी और पर्यावरण पर विपरीत असर पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

