एमपीएससी अध्यक्ष को हटाने की सिफारिश करें राज्यपाल : आदित्य ठाकरे
-जांच पूरी होने तक पद पर बने रहना उचित नहीं, आदित्य ठाकरे ने राज्यपाल को लिखा पत्र
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष के खिलाफ शिकायतों की जांच के दौरान उन्हें पद से हटाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को पत्र लिखा।
आदित्य ठाकरे ने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से एमपीएससी के मौजूदा अध्यक्ष , पूर्व अध्यक्ष और सदस्यों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित करने की सिफारिश की है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान मौजूदा अध्यक्ष का पद पर बने रहना उचित नहीं होगा। आदित्य ठाकरे ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे राष्ट्रपति से मौजूदा अध्यक्ष को पद से हटाने की सिफारिश करें, ताकि शिकायतों की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

