आदित्य ठाकरे का सरकार पर बांद्रा की 16 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप
मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर बांद्रा पूर्व में एमएमआरडीए ग्राउंड के पास 16 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस फैसले तत्काल रद्द करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस निर्णय को रद्द नहीं किया गया तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे और सड़क पर उतरेगें।
आदित्य ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने मुंबई शहर के इकलौते आर्टिफिशियल टर्फ फुटबॉल ग्राउंड पर कब्जा करके उसे एक कन्वेंशन सेंटर बनाने और अपने एक नेता के नाम पर रखने का काम किया है। इसके अलावा अब उन्होंने बांद्रा के एमएमआरडीए ग्राउंड के पास 16 एकड़ जमीन दान कर दी है। इस विशाल भूमि में सार्वजनिक खेल मैदान भी शामिल हैं। हमने इसे अपने कार्यकाल में मुंबईकरों के खेलने के लिए बनाया था। इसे मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) को अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए लंबे समय तक पट्टे पर देने के प्रस्ताव को राज्य सरकार ने मंजूरी दी है।
आदित्य का आरोप है कि भाजपा मुंबई में खुली जगहों पर कब्जा करके अपने लोगों को देने की साजिश रच रही है। इसी दम पर वे मुंबई में चुनाव लड़ते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 16 एकड़ जमीन पट्टे पर देने का फैसला रद्द करना चाहिए। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा करेंगे, क्योंकि उनकी पार्टी को यह जमीन हड़पने से फायदा होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

