छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर आदित्य ठाकरे का केंद्र सरकार पर हमला
बोले- लोकतंत्र की आवाज दबाई जा रही है
मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई, जिसमें कई विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि दुनिया के जिन देशों में भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिस्सा लेता है, क्या वहां भी विरोध की आवाज को इस तरह दबाया जाता है? उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भारत ऐसा देश बनता जा रहा है जहां लोकतंत्र, चुनाव और कानून के राज का केवल दिखावा रह गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की आवाज और सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है। दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया।
आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता और छात्रों की आवाज को सम्मान दिया जाना चाहिए।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

