home page

सतीश वाघोले को एमपीएससी के अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी

 | 

मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के सदस्य सतीश बबन वाघोले को आयोग के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अध्यक्ष विवेक भीमनवार के अवकाश पर रहने तक वे यह जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है।

एमपीएसी पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने आंदोलन किया था। वे भीमनवार के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए थे। इस महीने की शुरुआत में पुणे में एमपीएससी छात्रों का 10 दिन तक आंदोलन हुआ था। आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने पेपर लीक और कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए एक समिति बनाई है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे को इस समिति का सचिव बनाया गया है। समिति आयोग के मौजूदा और पुराने अध्यक्षों और सदस्यों के कार्यकाल की भी जांच करेगी।

एमपीएससी छात्रों की मांग है कि आंदोलनकारियों पर दर्ज मामले वापस लिए जाएं। तीन साल में 70 हजार पदों पर भर्ती की जाए। जनवरी में होने वाली समूह ग की परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ाने और आयोग के अध्यक्ष व सचिव की नियुक्ति से पहले उनकी पृष्ठभूमि की जांच की मांग शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार