अधिकार क्षेत्र से बाहर काम किया तो होगी कार्रवाई, मंत्री झिरवल की एफडीए को चेतावनी
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। अन्न व औषधि मंत्री ने एफडीए अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने हिदायत दी है कि यदि अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम किया गया तो संबंधित अधिकारियों को नहीं बख्शा जाएगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में गुटका कारोबारियों, होटलों, कैंटीन व मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। हालांकि कुछ कारोबारियों की शिकायत हैं कि कुछ जगहों पर अधिकारी नियमों से बाहर जाकर कार्रवाई कर रहे हैं। इसे संज्ञान में लेते हुए मंत्री झिरवल ने कहा है कि यदि किसी अधिकारी ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कार्रवाई की है और वह इसमें दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ निलबंन की कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में क्या कार्रवाई करनी है, यह मुख्यमंत्री तय करेंगे।
हाल ही में 5 एफडीए अधिकारियों के निलबंन को लेकर काफी हंगामा हुआ था। नासिक जिले के मालेगावर में सुपारी के ट्रक पर की गई कार्रवाई में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था। उसके बाद खबर है कि मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ की कार्रवाई शुरू की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

