नाला सफाई काम में लापरवाही हुई तो इंजीनियरों व ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
मुंबई, 04 अप्रैल (हि.स.)। बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने मीठी नदी सहित महानगर में चल रहे नाला सफाई के कामों में कोताही बरतने वाले इंजीनियरों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होंने संबंधितों को हिदायत दी है कि निर्धारित समय से पहले सफाई का काम पूरा हो जाना चाहिए।
बांगर ने मीठी नदी और पूर्वी उपनगर में चल रहे नाला सफाई कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि मानसून से पहले 31 मई तक नाला सफाई का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इन कार्यों को 57 दिनों में पूरा किया जाना चाहिए। मीठी नदी की पूरी लंबाई में सिल्ट हटाने की जगहों की प्लानिंग की जानी चाहिए। जिन जगहों पर घनी आबादी है और जहां मीठी नदी का तल पतला है, वहां विशेष ध्यान की जरूरत है। बीकेसी इलाके में एमएमआरडी ऑफिस के पास नदी का तल चौड़ा है. इस जगह पर कोई गैर-कानूनी कब्जा न हो। यदि ऐसा पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बांगर ने निर्देश दिया है कि सफाई काम के दौरान इंजीनियरों का मौके पर उपस्थित रहना अनिवार्य है। उन्हें सावधानी बरतनी होगी कि ठेकेदार के काम में गुणवत्ता, निरंतरता और पारदर्शिता हो। यदि काम में त्रूटियां पाई गई तो संबंधित ठेकेदार और अधिकारी दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जलजमाव वाले स्थानों पर खास ध्यान दिया जाए. ताकि बारिश में पानी न रूके। नालों में बहने वाले कचरे को समुद्र में जाने से रोकने के लिए जहां भी संभव हो ट्रैश बूम सिस्टम स्थापित किया जाना चाहिए।
बांगर ने कहा कि लोगों का पता चल सके इसलिए नाला सफाई का काम कब शुरू हुआ और कब खत्म होगा, इसकी पूरी जानकारी बीएमसी के डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। मीठी नदी के लिए नियुक्त ठेकेदार के काम की ठीक से जांच की जानी चाहिए।
बीएमसी ने 12 मार्च से नालों से सिल्ट हटाने का काम शुरू किया है। पूर्वी उपनगर में मीठी नदी के तीन पैकेज के तहत पांच जगहों पर काम शुरू हो गया है. इनमें से तीन जगहों (कनेक्टर ब्रिज, बीकेसी (जेतवन उद्यान) में एमएमआरडीए ऑफिस व अंबानी स्कूल के पास), मुलुंड पूर्व में बाउंड्री नाला और घाटकोपर में सोमैया नाला के काम का उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गाद हटाने के काम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बिठाया जाना चाहिए और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। नाला सफ़ाई की काम पर लगातार नजर रखने के लिए एक कंप्यूटर सिस्टम है। इसमें रोजाना अपडेटेड जानकारी डाली जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

