home page

म्हाडा के नाम का गलत इस्तेमाल करने वाले डेवलपर पर होगी कार्रवाई

 | 

मुंबई, 23 मार्च (हि.स.)। म्हाडा के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल करने वाले डेवलपर पर कार्रवाई होगी। यह घोषणा सोमवार को विधानसभा में पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने की। उन्होंने कहा कि म्हाडा के उपाध्यक्ष को म्हाडा के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल करने और मिल मजदूरों को गुमराह करने के मामले की जांच करने और संबंधित डेवलपर के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया जाएगा।

भाजपा के प्रवीण दरेकर और प्रसाद लाड ने यह मुद्दा सदन में उठाया था। इसके जवाब में मंत्री देसाई ने कहा कि सरकार ने शेलू और वांगनी में मिल मजदूरों के लिए एक निजी डेवलपर के जरिए करीब 81 हजार घर बनाने का फैसला किया है। इसके लिए चड्डा डेवलपर्स नाम की कंपनी रजिस्टर्ड की गई है। हालांकि शिकायतें मिली हैं कि यह डेवलपर पिछले कुछ दिनों से मजदूरों को गलत जानकारी दे रहा है और उनसे कंसेंट फॉर्म भरवा रहा है। डेवलपर ने दावा किया है कि यह प्रक्रिया शक्ति प्रदत्त कमेटी की मंजूरी के बाद की जा रही है।

इस बीच शिवसेना (ठाकरे गुट) के अनिल परब और प्रवीण दरेकर ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सरकार से जवाब मांगा कि क्या यह डेवलपर सरकार का हितैषी है? इस मामले की जांच होनी चाहिए। इस पर मंत्री देसाई ने साफ किया कि म्हाडा के उपाध्यक्ष को पूरे मामले की जांच करने और संबंधित डेवलपर के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार