ऐप-बेस्ड टैक्सी कंपनियों पर टिप मांगने पर होगी कार्रवाई
मुंबई, 11 जून (हि.स.)। ऐप-बेस्ड टैक्सी और राइड-हेलिंग सर्विस के जरिए यात्रियों से जबरन टिप या अतिरिक्त पैसे मांगने पर संबंधित कपंनियों पर कार्रवाई होगी। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने परिवहन आयुक्त को संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद श्रीकांत शिंदे ने सरनाईक से शिकायत की थी।
पिछले कुछ दिनों में कई यात्रियों ने यात्रा खत्म होने के बाद एक्स्ट्रा टिप मांगने, एक्स्ट्रा पैसे न देने पर राइड रद्द करने और मानसिक परेशानी की शिकायत की थी। इसे लेकर सांसद श्रीकांत शिंदे ने सोशल मीडिया के ज़रिए सरकार से हस्तक्षेप करने और सख्त कदम उठाने की मांग की थी।
इस पर ध्यान देते हुए मंत्री सरनाईक ने साफ किया है कि यात्रियों से ज़बरदस्ती टिप मांगना गलत है। संबंधित कंपनियों के काम करने के तरीकों की जांच और कड़ी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग जल्द ही राज्य में ऐप-बेस्ड टैक्सी सेवा में मनमानी रोकने के लिए नई एग्रीगेटर नीति की घोषणा करेगा। सरकार के इस कदम से लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

