मराठी बोर्ड न लगाने वाले 811 दुकानोदारों पर कार्रवाई
मुंबई, 28 मई (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने मराठी बोर्ड न लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्ती बरती है। अब तक कुल 811 दुकानों पर मराठी बोर्ड नहीं पाए गए हैं। इन सभी दुकानदारों के खिलाफ मनपा ने कानूनी कार्रवाई की है।
मुंबई मनपा की ओर से मराठी बोर्ड को लेकर मुहिम चलाई जा रही है। मनपा ने 14 मई से 26 मई 2026 के बीच विभिन्न विभागों में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जारी की है। पिछले कुछ दिनों में मुंबई के विभिन्न हिस्सों में कुल 30,443 दुकानों की जांच की गई। इनमें से 29,632 दुकानों पर मराठी नामपट्टियां नियमों के अनुरूप पाई गईं, जबकि बाकी दुकानों में नियमों का उल्लंघन सामने आया। इस अभियान की शुरुआत 14 मई 2026 को ‘ए’ विभाग से हुई, जहां 3,455 दुकानों की जांच की गई। इनमें से 3,342 दुकानों पर मराठी बोर्ड पाए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाली 113 दुकानों पर कार्रवाई की गई है। इसके बाद 15 मई को ‘बी/दक्षिण’ विभाग में 2,868 दुकानों में से 92 और 16 मई को ‘बी’ विभाग में 2,983 दुकानों में से 91 दुकानों पर मराठी नामपट्टियां नहीं मिलीं।
मनपा के इस अभियान के चलते अधिकांश दुकानदारों ने नियमों का पालन किया है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में अब भी उदासीनता देखने को मिल रही है। मुंबई के उपमहापौर संजय घाड़ी ने चेतावनी दी है कि मनपा की अपील के बावजूद जो दुकानदार मराठी नामपट्टियां लगाने में टालमटोल कर रहे हैं, उन्हें अब “शिवसेना स्टाइल” में सबक सिखाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

