home page

एसटी को मुनाफे में लाने एक्शन प्लान

 | 

मुंबई, 27 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने लगातार घाटे में जा रहे एसटी महामंडल को उबारने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है। ईंधन बचाने, राजस्व हानि रोकने और टिकट चोरी पर कड़ी नजर रखने के लिए योजना बनाई गई है। इसके लिए रीजनल मैनेजर या उससे ऊपर के रैंक के अधिकारियों को बतौर ‘पालक अधिकारी’ नियुक्त किया जाएगा। इन अधिकारियों पर हर विभाग की आर्थिक प्रगति की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता में बुधवार को एसटी मुख्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। मंत्री सरनाईक ने कहा कि महामंडल की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए न सिर्फ आय बढ़ाना बल्कि कॉस्ट कंट्रोल, ईंधन बचत, राजस्व हानि रोकने और प्रशासनिक अनुशासन पर भी जोर दिया जाएगा। हर विभाग की आर्थिक प्रगति की सीधी जिम्मेदारी संबंधित 'पालक अधिकारियों' पर तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर महीने के पहले सप्ताह में विभागवार समीक्षा बैठक होगी. पिछले महीने की आय और खर्च की पूरी समीक्षा करने के बाद अगले महीने की योजना बनाई जाएगी। डिपो-वाइज आय के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे और उसे सख्ती से लागू किया जाएगा।

फ्यूल की बचत एसटी के लिए अतिरिक्त आय साधन है। राजस्व हानि रोकने के लिए सुरक्षा और विजिलेंस डिपार्टमेंट को अधिक क्रियाशील बनाया जाएगा। टिकट ट्रांज़ैक्शन में गड़बड़ी या राजस्व का गबन करने वाले कैरियर्स की एक अलग लिस्ट तैयार की जाएगी और उन पर लगातार नजर रखी जाएगी। एसटी का मुनाफा बढ़ाने के साथ खर्चों में बचत के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विशेषकर डीजल बचाने के लिए हर डिपो की जिम्मेदारी तय की जाएगी। लगातार फ्यूल बचाने वाले डिपो के लिए इंसेंटिव रिवॉर्ड स्कीम का ऐलान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार