मलेरिया मुक्त मुंबई बनाने के लिए एक्शन प्लान
मुंबई, 25 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई मनपा प्रशासन ने शहर को मलेरिया मुक्त बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके लिए मनपा के सभी संबंधित विभागों की रैपिड रिस्पॉन्स एक्शन कमेटी टीम का गठन किया गया है।
अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे ज़्यादा से ज़्यादा ऐसी जगहों का पता लगाएं जहां मलेरिया के लार्वा पैदा होते हैं। मॉनसून से पहले की सावधानी के तौर पर बीएमसी का स्वास्थ्य विभाग सभी मनपा अस्पतालों, जनरल हॉस्पिटल, हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे डिस्पेंसरी और हेल्थ सेंटर के आस-पास 'ज़ीरो मॉस्किटो ब्रीडिंग कैंपेन' चलाया जा रहा है। मानसूनी बीमारियों को नियत्रित करने के उपायों के तहत, पब्लिक हेल्थ सिस्टम के स्टाफ, प्राइवेट क्लीनिक, हॉस्पिटल के डॉक्टरों, सेफ्टी ऑफिसर और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम करने वाले मजदूरों को खास प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही निजी अस्पतालों व क्लीनिक की मदद से मरीजों को ढूंढने, बीमारी का पता लगाने और मरीजों को ठीक करने के लिए पूरा इलाज करने का आदेश दिया गया है। मनपा स्वास्थ्य कमेटी चेयरमैन हरीश भांडिरगे ने के अनुसार यह एक्शन एडमिनिस्ट्रेटिव डिपार्टमेंट के सहायक आयुक्त , मेडिकल ऑफिसर और पेस्ट कंट्रोल ऑफिसर के साथ मिलकर यह मुहिम चलाई जा रही है। अगर बुखार के लक्षण हैं, तो नागरिकों को तुरंत इलाज और डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। उन्हें पूरा इलाज कराना चाहिए।
मुंबई में 4,075 कंस्ट्रक्शन साइट्स पर 'आरोग्य साथी' अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का मकसद 20 से 30 हज़ार श्रमिकों को प्रशिक्षण देना है। अब तक 123 कंस्ट्रक्शन साइट्स पर 1,622 मजदूरों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इस पहल के तहत स्वास्थ्य विभाग के जरिए स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी और प्राइवेट जगहों पर मच्छरों को नियंत्रित करने के उपायों के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

