home page

घाटकोपर में संपत्ति के लिए सास की हत्या करने वाली बहू गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के घाटकोपर (वेस्ट) इलाके में में स्थित हिमालय सोसाइटी में सास की हत्या कर फरार बहू को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की छानबीन घाटकोपर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिमालय सोसाइटी में बुधवार रात को 65 साल की शहनाज़ काज़ी नामक महिला की लाश उनके घर में से बरामद की गई थी। इसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और जांच शुरु कर दिया था। जांच के दौरान पता चला कि शहनाज अकेले ही घर पर रहती थीं, लेकिन इस घर की चाभी उनकी बहू के पास रहती थी। इसके बाद सीसीटीवी की मदद से पता चला कि बुधवार को शहनाज की बहू मुमताज़ इरफ़ान खान ( 50) हिमालय सोसाइटी में आई थी।

इस जानकारी के बाद पुलिस ने मुमताज को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरु किया। लेकिन पहले मुमताज खुद को इस हत्या के बारे में अनभिज्ञ बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मुमताज ने पुलिस को बताया कि शहनाज के नाम पर संपत्ति थी, लेकिन वह इस संपत्ति को उन्हें नहीं देना चाहती थी। इसी वजह से बुधवार को वह अपने सास के पास आई और उनसे संपत्ति देने के लिए कहा। लेकिन शहनाज अपनी जिद पर अड़ी रही, इसी वजह से मुमताज ने अपनी सास की हत्या कर दी। इस मामले में किसी को शक न हो, इसलिए घर से गहने आदि लेकर वह फरार हो गई थी। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव