विरार में टैंकर और दोपहिया वाहन की टक्कर में दो की मौत
मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में स्थित कोपरी नाका पर सोमवार को सुबह टैंकर और दोपहिया वाहन की टक्कर में दो लोगों मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही विरार पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की गहन छानबीन विरार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान कविता पाल (29) और उनकी चार साल की बेटी आरयु पाल के रुप में की गई है। कविता पाल आज सुबह करीब नौ बजे अपनी चार साल की बेटी के साथ टू-व्हीलर पर विरार की देवी जीवदानी देवी के दर्शन करने जा रही थीं। इसी बीच जब वह विरार के कोपरी नाका इलाके में पहुंचीं, तो एक टैंकर ने उनके टू-व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि घटनास्थल पर ही मां-बेटी की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में टैंकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, और यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि असल में हादसा किस वजह से हुआ। पुलिस जांच के बाद हादसे के बारे में और जानकारी साफ हो पाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

