home page

बोरीवली के गोराई बीच पर चार महिलाओं को कुचलकर कार चालक फरार

 | 

मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के बोरीवली के गोराई बीच पर शनिवार को सुबह एक कार चालक ने चार महिलाओं को कुचल दिया और फरार हो गया। इस घटना में घायल चारों महिलाओं का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन गोराई पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कार चालक की पहचान श्रेयस शंकरलाल टेम्ब्रे (24) के रूप में की गई है। आज सुबह श्रेयस ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए गोराई बीच पर पहले सडक़ किनारे खड़े रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद भी उसने वाहन नहीं रोका और आगे जाकर बीच इलाके में खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपाली उर्फ जैस्मीन सलीम कुरैशी (29) की जांघ में गंभीर चोट आई है। विजेता दीपचंद गुप्ता (31) के दाहिने पैर और रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। जेनिफर प्रदीप सरकार (35) के सिर में गंभीर चोट आई और रक्तस्राव हुआ। वहीं, हेमा जयंती सिंह (25) को भी चोटें आई हैं।

इन सभी काे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गोराई पुलिस स्टेशन में आरोपित चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश कर रही है। पुलिस वाहन की गति, दुर्घटना के वास्तविक कारण और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव