मुख्यमंत्री से मिलने के बाद अब्दुल सत्तार की नाराजगी दूर
मुंबई, 4 जून (हि.स.)। शिवसेना शिंदे गुट के विधायक अब्दुल सत्तार की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने के बाद उनकी नाराजगी दूर हो गई है। सत्तार ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री ने गारंटी दी है कि स्थानीय स्तर पर भाजपा की वजह से जो परेशानी हुई, वह दोबारा नहीं होगी।
सत्तार ने कहा कि अगर हमें कोई परेशानी होती है, तो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हमारी बात सुनेंगे और अगर उनकी तरफ से कोई गलती हुई है, तो उसे भी ठीक किया जाएगा। उन्होंने अपनी कुछ नाराज़गी मुख्यमंत्री को बताई है और भरोसा दिलाया है कि वह सही रास्ता अपनाएंगे। महायुति में विधान परिषद चुनाव के तालमेल के बारे में सत्तार ने कहा कि छत्रपति संभाजी नगर ज़िले में हमारे छह विधायक और एक सांसद है। आगे इस बात पर जोर दिया जाएगा कि महायुति के घटक दल के तौर पर सभी मिलकर कैसे काम कर सकते हैं। सत्तार ने यह भी विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन से गलतफहमियां दूर हो गई हैं और महायुति में सहयोग को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। संभाजीनगर सीट से उनके बेटे समीर सत्तार नामांकन वापस ले लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

