home page

महाराष्ट्र में 1 नवंबर से 'आरोग्य संवाद यात्रा'

 | 

मुंबई. 10 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में 1 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक 'आरोग्य संवाद यात्रा' का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा में जनता से संवाद स्थापित कर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया जाएगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर इसका नेतृत्व करेंगे।

यात्रा के दौरान उप-केंद्रों से लेकर जिला और नगर निगम अस्पतालों की स्थिति परखी जाएगी। प्रत्येक जिले के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और दो ग्रामीण अस्पतालों की समीक्षा होगी। साथ ही महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना, एम्बुलेंस सेवाओं और मुफ़्त जांच जैसी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभिन्न स्तरों की स्वास्थ्य समितियों की बैठकें होंगी। इनमें जन सुझावों के आधार पर कमियों को दूर करने और दवाओं की आपूर्ति सुधारने पर ध्यान दिया जाएगा।

5 दिसंबर को यात्रा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मुंबई में एक राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्राप्त सुझावों पर सुधार की रूपरेखा तैयार करेंगे। 'मेरा गांव, स्वस्थ गांव' अभियान से जोड़कर स्वच्छता और पोषण पर भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार