‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, रायगढ़ में लगेंगे 1.83 लाख पौधे
मुंबई, 07 नवंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण ने पहल की है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रायगढ़ जिले में 6.1 हेक्टेयर क्षेत्र में 1.83 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार के वन विभाग और जेएनपीए के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
जेएनपीए ने इस पहल के जरिए पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पौधों के संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जेएनपीए के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. जी. वैद्यनाथन और रायगढ़-अलीबाग सामाजिक वानिकी विभाग के वन अधिकारी स्वप्निल घुरे ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ वनों का विस्तार, जैव विविधता का संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। बड़े पैमाने पर पौधारोपण से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने और पर्यावरण की मजबूती बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण नीति कार्यालय की कार्यवाहक उपनिदेशक डेबी डब्ल्यू. सेगुइन के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने जेएनपीए का दौरा किया। जेएनपीए अधिकारी रविश कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दल को बंदरगाह के कामकाज, आधुनिक ढांचे, माल ढुलाई व्यवस्था और आगामी वाढवण मेगा पोर्ट परियोजना की विस्तृत जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

