home page

एकनाथ शिंदे की हत्या की साज़िश रची गई थी- ज्योति वाघमारे

 | 

मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ठाणे में ठाकरे सेना के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को लेकर राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्णेकर परिवार द्वारा मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र पर गंभीर आरोप लगाने के बाद ठाकरे सेना के सांसद संजय राऊत ने भी मीनाक्षी शिंदे की गिरफ्तारी की मांग की है। इसी पृष्ठभूमि में शिंदे गुट की सांसद ज्योति वाघमारे ने सीधे उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

दिल्ली में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वाघमारे ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की हत्या की साजिश रची गई थी। उन्होंने दावा किया कि महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान जब एकनाथ शिंदे गडचिरोली जिले के पालक मंत्री थे, तो नक्सली संगठनों से जान से मारने की धमकियां मिलने पर शिंदे को पुलिस सुरक्षा देने से मना कर दिया गया था। पूर्णेकर मर्डर केस पर बोलते हुए वाघमारे ने संजय राऊत की भूमिका की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पूर्णेकर परिवार को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें राजनीतिक बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए।

दिशा सालियान मामले का जिक्र करते हुए वाघमारे ने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की जांच की मांग की। उन्होंने मोबाइल लोकेशन और हॉस्पिटल रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सीजेपी के आंदोलन को लेकर ठाकरे गुट की आलोचना करते हुए कहा कि फेक नैरेटिव फैलाने का काम चल रहा है। सांप-सांप कहकर जमीन थपथपाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार