फोर्ट इलाके में होटल में लगी भीषण आग
मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में रविवार को एक होटल में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
फोर्ट इलाके के जीपीओ के सामने वालचंद हिराचंद रोड पर स्थित बाबेल होटल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। आग मुख्य रूप से होटल की पहली और दूसरी मंजिल तक सीमित रही, जहां करीब 2,000 वर्ग फुट क्षेत्र प्रभावित हुआ। इस दौरान होटल का फर्नीचर, गद्दे, बिजली की वायरिंग और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग के साथ पुलिस, एंबुलेंस सेवा, बीएमसी के कर्मचारी और बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

