किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का महायुति सरकार पर हमला
हर्षवर्धन सपकाल बोले- मुख्यमंत्री 5 हजार रुपये में दिवाली मनाकर दिखाएं
सूखा प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपये की सहायता देने की मांग
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सूखे के संकट से जूझ रहे किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने महायुति सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों के साथ क्रूर मजाक कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती दी कि वे केवल पांच हजार रुपये में दिवाली मनाकर दिखाएं।
सपकाल ने कहा कि दिवाली का त्योहार आ गया है, लेकिन अब तक किसानों तक सरकार की सहायता नहीं पहुंची है। सरकार ने केवल पांच हजार रुपये देकर किसानों के साथ मजाक किया है। आसमान छूती महंगाई के दौर में पांच हजार रुपये में दिवाली मनाना कितना मुश्किल है, इसका अंदाजा मुख्यमंत्री को भी होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार किसानों को प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दे। उनके अनुसार, सरकार इस सहायता से बचने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महायुति सरकार केवल चुनिंदा उद्योगपतियों के हितों के लिए काम कर रही है और उसे किसानों तथा आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
तिलक भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक
बुधवार को कांग्रेस के प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की उपस्थिति में मुंबई स्थित तिलक भवन में कोंकण विभाग के लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सपकाल ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा पर कांग्रेस की छवि खराब करने का आरोप
सपकाल ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर भाजपा पर कांग्रेस की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के दौरान बस में सवार कांग्रेस सांसदों के वीडियो के कुछ सेकंड के हिस्से को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने दावा किया कि संबंधित दोनों सांसदों के बीच भाई-बहन का रिश्ता है। उनके पारिवारिक संबंधों पर संदेह जताकर भाजपा ने महिला सांसद का भी अपमान किया है। सपकाल ने कहा कि इस मामले में कथित तौर पर फर्जी नैरेटिव फैलाने और मर्यादाओं का उल्लंघन करने के खिलाफ कांग्रेस संबंधित एजेंसियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराएगी।
गोकुल दूध संघ पर कब्जे की साजिश का आरोप
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ (गोकुल) को लेकर भी महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गोकुल पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से सरकार ने पांच सरकार-मान्य सदस्यों की नियुक्ति करने और उनमें से चार को मतदान का अधिकार देने का निर्णय लिया है।
सपकाल के अनुसार, यह कदम गोकुल दूध संघ पर नियंत्रण स्थापित करने की कथित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने इस फैसले को लेकर महायुति सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

