home page

आज फैसले की रात, कल विधान परिषद चुनाव

 | 

मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव की आज रणनीति बनाने की रात है। कल शुक्रवार 23 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। उच्च सदन की 3 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों के द्विवार्षिक चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 10,68,072 मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे।

सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महाविकास आघाडी के बीच कांटे की टक्कर है। हालांकि बागी और निर्दलीय प्रत्य़ाशियों ने भी ताल ठोंकी हुई है। अपने समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाना अहम होगा। पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों के चुनाव होने जा रहे हैं। इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। संबंधित क्षेत्रों के पंजीकृत स्नातक और शिक्षक इन चुनावों में मतदान करने के पात्र हैं। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

कहां कितने वोटर ?

पुणे स्नातक चुनाव क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3,31,960 वोटर हैं। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक चुनाव क्षेत्र -3,27,961, नागपुर स्नातक सीट- 2,57,34, पुणे शिक्षक चुनाव क्षेत्र- 63,789 और अमरावती शिक्षक चुनाव क्षेत्र में 35,810 वोटर हैं।

किस सीट पर कितने उम्मीदवार?

नागपुर स्नातक सीट- कुल 38 उम्मीदवार हैं और 445 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं.

पुणे शिक्षक सीट- कुल 30 प्रत्याशी हैं. कुल 310 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

पुणे स्नातक सीट- कुल 47 उम्मीदवार हैं और 741 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

अमरावती शिक्षक सीट- कुल 26 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं और मतदान के लिए 81 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट- कुल 41 उम्मीदवार हैं और 842 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

कुल उम्मीदवार – 182

कुल मतदाता- 10,68,072

मतदान केंद्र- 2,419

मतदान समय- सुबह 8 से शाम 4 बजे तक

मतगणना- 27 अक्टूबर 2026

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार